साइबर शिकायतों के त्वरित निपटारे पर पुलिस का फोकस
सीसीटीएनएस ऑपरेटरों की समीक्षा बैठक में एसपी के निर्देश, लंबित प्रविष्टियां समय-सीमा में पूरी करने और साइबर पीड़ितों को जल्द राहत दिलाने पर जोर

नारायणपुर। जिले में साइबर अपराधों के त्वरित निपटारे और डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में नारायणपुर पुलिस ने सीसीटीएनएस ऑपरेटरों की समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित की। बैठक में लंबित प्रविष्टियों के शीघ्र निराकरण, साइबर शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई और साइबर ठगी के शिकार लोगों को जल्द राशि वापस दिलाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में जिले के सभी थानों के सीसीटीएनएस ऑपरेटर शामिल हुए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भा.पु.से.) ने सीसीटीएनएस सहित विभिन्न पुलिस पोर्टलों पर लंबित प्रविष्टियों और डेटा एंट्री की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
साइबर शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) से प्राप्त शिकायतों के त्वरित परीक्षण एवं कार्रवाई, शिकायत निवारण मॉड्यूल (जीआरएम) के माध्यम से समयबद्ध समाधान तथा राशि वापसी मॉड्यूल (एमआरएम) के जरिए साइबर ठगी में होल्ड की गई राशि पात्र आवेदकों को शीघ्र वापस दिलाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। आवश्यकता अनुसार बैंक खातों को अनफ्रीज करने की प्रक्रिया पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
डिजिटल पुलिसिंग को और मजबूत बनाने पर जोर
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक साइबर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सभी सीसीटीएनएस ऑपरेटरों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए हर प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि साइबर अपराध से प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके।
बैठक में साइबर नोडल उप पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार नेताम, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक राजकुमार सोरी सहित जिले के सभी सीसीटीएनएस ऑपरेटर उपस्थित रहे।




