नारायणपुर

सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब

आमासरा शिविर में 176 आवेदन दर्ज, हितग्राहियों को मौके पर मिले आवास की चाबी, राशन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र

नारायणपुर। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत ग्राम आमासरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों का भारी उत्साह देखने को मिला। शिविर में विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों के निराकरण के लिए 176 आवेदन प्रस्तुत किए। वहीं पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही प्रधानमंत्री आवास की चाबी, राशन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलेभर में सुशासन तिहार अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।

शिविर में गरांजी, दुग्गाबेंगाल, गढ़बेंगाल, देवगांव, तेरदूल, एड़का, बोरपाल, आमासरा, ताड़ोपाल और ईरको सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। लोगों ने राजस्व, राशन कार्ड, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, मनरेगा मजदूरी, बिजली, पेयजल, आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना, पेंशन और श्रम कार्ड जैसी समस्याओं एवं योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।

प्रशासन की ओर से लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों में अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। राज्य सहकारिता लघुवनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने शिविर का निरीक्षण कर विभागीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी भी ली।

शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धजनों को सहायक उपकरण स्वरूप छड़ी वितरित की गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबी, राशन कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र जनप्रतिनिधियों के हाथों प्रदान किए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शिविरों में केवल आवेदन लेने तक सीमित नहीं रहा जाएगा, बल्कि प्रत्येक आवेदन का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। 10 जून तक चलने वाले इस अभियान को प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य संतनाथ उसेण्डी, सुकमन कचलाम, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनपद सीईओ सुनील सोनपिपरे, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, उप संचालक समाज कल्याण श्यामसुंदर रैदास सहित कई जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page