नारायणपुर

परशुराम प्राकट्योत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य शोभायात्रा से गूंजा नारायणपुर

अखण्ड रामायण पाठ, हवन-पूजन और स्नेह भोज के साथ दिखी समाज की एकजुटता • शहरभर में भक्तिमय माहौल

नारायणपुर। भगवान परशुराम प्राकट्योत्सव के अवसर पर नारायणपुर में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों की भारी सहभागिता रही, जिससे पूरे शहर में आस्था, उत्साह और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

आयोजन की शुरुआत प्रातः सामाजिक भवन में विधिवत अखण्ड रामायण पाठ से हुई। दिनभर श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे और रामायण के पाठ से वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक रंग में रंग गया। पाठ की पूर्णाहुति के बाद भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

शोभायात्रा जय स्तंभ चौक, गायत्री मंदिर, चांदनी चौक, सोनपुर रोड और मेन रोड से होकर निकली। इस दौरान जयकारों, भजनों और धार्मिक नारों से पूरा नगर गूंज उठा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया, जिससे आयोजन और भी आकर्षक बन गया।

इसके बाद वैदिक रीति से हवन-पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के वरिष्ठजन एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के अंत में स्नेह भोज आयोजित किया गया, जहां सभी ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए समाज के अध्यक्ष आलोक कुमार झा ने कहा कि भगवान परशुराम का प्राकट्योत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

उल्लेखनीय है कि सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा इस प्रकार के आयोजन वर्षों से किए जा रहे हैं, जो समाज में आध्यात्मिकता और एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस बार का आयोजन भी सामाजिक सहभागिता और श्रद्धा का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page