नारायणपुर

विकास कार्यों में देरी नहीं चलेगी, जमीन पर दिखे असर: मंत्री केदार कश्यप

डीएमएफ व दिशा समिति की बैठक में समीक्षा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के सख्त निर्देश

नारायणपुर, 20 अप्रैल 2026। जिले में चल रहे विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता को लेकर सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) और जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने वर्चुअल माध्यम से की, जबकि बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में डीएमएफ शासी परिषद के तहत खनिज प्रभावित क्षेत्रों के विकास, स्वीकृत कार्यों की प्रगति और एजेंसीवार समीक्षा के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 की नई कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा कर अनुमोदन दिया गया। छत्तीसगढ़ डीएमएफ नियम-2015 के संशोधित प्रावधानों के अनुरूप योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।

मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्य केवल कागजों और आंकड़ों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर योजना का परिणाम आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव के रूप में नजर आए।

वहीं सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को योजनाओं का सीधा फायदा मिल सके।

समयसीमा और समन्वय पर जोर

दिशा समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर नम्रता जैन ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। सांसद ने विभागों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों और योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए तथा विभागीय समन्वय को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि देरी और गुणवत्ता में कमी सीधे जनता के हितों को प्रभावित करती है, इसलिए नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है।

समीक्षा के दौरान मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आंगनबाड़ी और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित कई योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही कृषि, विद्युत, जल संसाधन, लोक निर्माण, महिला एवं बाल विकास और खाद्य विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति साझा करते हुए बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी दिए।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page