खेल

शहीद जवानों की याद में रातभर गूंजा फुटबॉल का रोमांच

डीआरजी बनी चैंपियन, टीएफसी उपविजेता; 16 टीमों के बीच खेल परिसर में हुआ भव्य मुकाबला बालिकाओं के सद्भावना मैच से बढ़ा उत्साह, पुलिस की पहल ने युवाओं में भरी सकारात्मक ऊर्जा

नारायणपुर, 20 अप्रैल। शहीद वीर जवानों की स्मृति में नारायणपुर पुलिस द्वारा आयोजित रात्रिकालीन 5-ए साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार रात शानदार समापन हुआ। खेल परिसर ग्राउंड में 10 अप्रैल से शुरू हुए इस आयोजन में जिले सहित आसपास की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया और खेल के प्रति उत्साह, अनुशासन व प्रतिस्पर्धा का अनूठा माहौल देखने को मिला।

फाइनल मुकाबले में डीआरजी टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए टीएफसी को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं टीएफसी उपविजेता रही और फॉरेस्ट विभाग नारायणपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही। विजेता टीम को 17 हजार रुपए, उपविजेता को 13 हजार और तीसरे स्थान की टीम को 10 हजार रुपए नगद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।

प्रतियोगिता के दौरान व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। डीआरजी के मेहतर कोर्राम ने 6 गोल दागकर टॉप गोल स्कोरर का खिताब हासिल किया, जबकि मुलक नाग को पूरे टूर्नामेंट में मात्र एक गोल खाने पर बेस्ट गोलकीपर चुना गया।

बालिकाओं ने भी दिखाया दम
फाइनल से एक दिन पहले बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष सद्भावना मैच आयोजित किया गया। लामा एकेडमी ‘ए’ और ‘बी’ के बीच हुए इस मुकाबले में ‘बी’ टीम ने 2-0 से जीत दर्ज की। इस पहल ने खेल के क्षेत्र में बालिकाओं की भागीदारी और आत्मविश्वास को नई दिशा दी।

खेल के जरिए सकारात्मक संदेश
पुलिस अधीक्षक श्री रोबिनसन गुड़िया के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का विकास करना रहा। समापन समारोह में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

पूर्व नक्सली ने निभाई अहम भूमिका
पूरे आयोजन के दौरान पूर्व डीवीसीएम सुखलाल जुर्री ने खिलाड़ियों को लगातार मेडिकल सपोर्ट प्रदान किया। मैच के दौरान चोटिल खिलाड़ियों का त्वरित उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्होंने प्रतियोगिता को सुरक्षित बनाए रखने में अहम योगदान दिया। मुख्यधारा में लौटकर जनसेवा में सक्रिय उनकी भूमिका आयोजन का प्रेरणादायक पहलू रही।

समापन समारोह में पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और नागरिक मौजूद रहे। नारायणपुर पुलिस ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों और नागरिकों के प्रति आभार जताया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page