‘आदि पर्व 2026’ में अबूझमाड़ की संस्कृति की गूंज, वनिता नेताम का नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

नवा रायपुर। नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय में 13 और 14 मार्च को आयोजित ‘आदि पर्व 2026’ में छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति की भव्य झलक देखने को मिली। दो दिवसीय आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जनजातीय समुदायों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से परंपराओं को मंच पर जीवंत किया।
इस दौरान नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र से आई प्रतिभागी वनिता नेताम ने पारंपरिक ट्राइबल परिधान में भाग लेकर अपनी संस्कृति और पहचान को गर्व के साथ प्रस्तुत किया। उनकी आकर्षक वेशभूषा और पारंपरिक आभूषणों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया और दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
आयोजन के तहत विभिन्न जनजातीय समुदायों की पारंपरिक वेशभूषा के साथ आयोजित ट्राइबल अटायर शो को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में भागीदारी करते हुए वनिता नेताम ने भी अपना नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करना तथा नई पीढ़ी तक इसकी पहचान पहुंचाना है। ‘आदि पर्व 2026’ छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




