अबूझमाड़ में शांति, विश्वास और विकास की ऐतिहासिक दौड़
अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन-2026 शांतिपूर्ण एवं भव्य रूप से संपन्न

नारायणपुर से बासिंग तक 21 किलोमीटर की इस हाफ मैराथन में 10 हजार से अधिक धावकों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में 60 से अधिक विदेशी धावकों की मौजूदगी ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ यातायात प्रबंधन के चलते पूरा आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
खेल, संस्कृति और समरसता का संगम
अबूझमाड़ खेल महोत्सव के अंतर्गत इससे पूर्व वॉलीबॉल, फुटबॉल प्रतियोगिताएं तथा अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग का आयोजन किया गया था। 30 जनवरी को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मलखंभ अकादमी की आकर्षक प्रस्तुति के साथ ड्रोन एवं लेजर शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह पूरा महोत्सव खेलों के माध्यम से सामाजिक एकता और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बना।
चार श्रेणियों में हुई प्रतिस्पर्धा
मैराथन का आयोजन चार श्रेणियों—नारायणपुर, बस्तर, ओपन (पुरुष/महिला) तथा टीम रन (चार सदस्यीय टीम, प्रथम धावक महिला अनिवार्य)—में किया गया।
प्रतियोगिता परिणाम
ओपन श्रेणी – पुरुष
- फिरोम्सा अरावसुतार – इथियोपिया
- अक्षय कुमार – मेरठ (उ.प्र.)
- टेबेजे किनेटो – इथियोपिया
- संदीप कुमार ध्रुव – सिहावा, धमतरी
- मेघनाथ यादव – राजनांदगांव
ओपन श्रेणी – महिला
- मुन्नी देवी – सांडवा, भिवानी (हरियाणा)
- वंदना – वाराणसी (उ.प्र.)
- इडा जेरोटिच – इथियोपिया
- बसंती कुमारी – जमशेदपुर (झारखंड)
- दशोदा सिक्का – दुर्ग
बस्तर श्रेणी – पुरुष
- मंकू राम नाग – कोंडागांव
- मनोज करटाम – बीजापुर
- फूलधर नेताम – कोंडागांव
- दासी राम मंडावी – कोंडागांव
- संजय कोरटाम – कोंडागांव
बस्तर श्रेणी – महिला
- प्रमिला मंडावी – लोहंडीगुड़ा, बस्तर
- कुमली पोयाम – जगदलपुर
- कुसुम शार्दुल – बस्तर
- कंचन नेताम – कांकेर
- संतोषी भंडारी – बीजापुर
नारायणपुर श्रेणी – पुरुष
- रस्सू – कौशलनार
- विजय उसेंडी – ओरछा
- तेजेश्वर करंगा – देवगांव
- धनसिंह वड्डे – नारायणपुर
- जयसिंह कुमेटी – खड़कगांव
नारायणपुर श्रेणी – महिला
- रीना उइके – लापसी, नारायणपुर
- सानी सलाम – बोरावंड
- लता मंडावी – धुतखर
- शांति कचलाम – नारायणपुर
- उर्मिला करंगा – नारायणपुर
टीम रन
- भिलाई स्टील सिटी टीम
- दुर्ग रनर्स
- डीआरजेड (दल्ली राजहरा)
- सुकमा टीम
- जगदलपुर बस्तर टीम
पुरस्कार राशि
ओपन श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ₹1,00,000 तथा टीम रन की विजेता टीम को ₹50,000 नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
शांति और पुनर्वास का सशक्त संदेश
आयोजन की विशेष उपलब्धि यह रही कि पुनर्वास योजना के तहत मुख्यधारा में लौटे लगभग 140 पूर्व माओवादी युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनकी सहभागिता क्षेत्र में शांति, विश्वास बहाली और सफल पुनर्वास प्रक्रिया का जीवंत प्रमाण बनी।
व्यवस्थित आयोजन, बेहतर सुविधाएं
आयोजन से पूर्व हाईस्कूल परिसर में जुंबा वॉर्मअप सत्र आयोजित किया गया। समापन स्थल बासिंग में कूल-डाउन जुंबा, स्वल्पाहार, फिजियो और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
बासिंग में आयोजित समापन समारोह में सांसद बस्तर , छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम तथा जिला पंचायत नारायणपुर की अध्यक्ष नारायण मरकाम की गरिमामयी उपस्थिति रही। विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार के चेक और पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
नारायणपुर पुलिस द्वारा की गई चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन–2026 शांति, खेल और सामाजिक समरसता की मिसाल बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।




