राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की झांकी कलाकारों का सम्मान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सराही जनजातीय कला, कलाकार हुए भावविभोर

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की झांकी में शामिल जनजातीय कलाकारों को राष्ट्रपति भवन में सम्मानित होने का गौरव प्राप्त हुआ। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से स्नेहपूर्ण मुलाकात के दौरान कलाकार भावविभोर नजर आए और इस पल को अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ की झांकी की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि इस झांकी के माध्यम से देश की समृद्ध जनजातीय परंपराओं, लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत का अत्यंत प्रभावशाली प्रदर्शन हुआ है। उन्होंने कलाकारों के समर्पण, मेहनत और जीवंत प्रस्तुति की सराहना करते हुए ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ कहकर उनका उत्साहवर्धन किया।
नारायणपुर के कलाकारों ने बटोरी वाहवाही
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से आए जनजातीय कलाकारों ने गणतंत्र दिवस परेड के दौरान छत्तीसगढ़ की झांकी के साथ पारंपरिक मंदार नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी थी। उनकी सशक्त और लयबद्ध प्रस्तुति ने कर्तव्य पथ पर मौजूद दर्शकों के साथ-साथ देश-दुनिया का ध्यान आकर्षित किया और खूब सराहना बटोरी।
जीवन का अविस्मरणीय क्षण
कलाकारों ने राष्ट्रपति से मुलाकात को अपने जीवन का सबसे गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से उन्हें अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं को और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की नई प्रेरणा मिली है।
13 सदस्यीय जनजातीय दल रहा शामिल
राष्ट्रपति से मुलाकात करने वालों में टीम लीडर तेज बहादुर भुवाल के नेतृत्व में नारायणपुर जिले के ग्राम नयनार से आए 13 सदस्यीय दल के कलाकार शामिल रहे। इनमें जेनू राम सलाम, लच्छू राम, जैतू राम सलाम, राजीम सलाम, दिनेश करंगा, जयनाथ सलाम, मानसिंग करंगा, चन्द्रशेखर पोटाई, धनश्याम सलाम, जगनाथ सलाम, सुरेश सलाम तथा घोड़लापारा, ग्राम नयनार निवासी दिलीप गोटा शामिल हैं।
राष्ट्रीय मंच पर बस्तर की पहचान
उल्लेखनीय है कि बस्तर अंचल की इस पारंपरिक कला टोली ने अपनी विशिष्ट लोक-संस्कृति, वाद्ययंत्रों और नृत्य शैली के माध्यम से राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने यह साबित किया कि जनजातीय कला और परंपराएं आज भी देश की सांस्कृतिक आत्मा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।




