अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन 31 जनवरी को, टी-शर्ट का हुआ विमोचन

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। अबूझमाड़ में शांति, एकता और सांस्कृतिक पहचान के संदेश के साथ आयोजित की जा रही अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का पांचवां सीजन आगामी 31 जनवरी को आयोजित होगा। 21 किलोमीटर की इस हाफ मैराथन को इस वर्ष केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि “माड़ महोत्सव” के रूप में मनाया जाएगा।
मैराथन के प्रचार-प्रसार की कड़ी में आयोजन की आधिकारिक टी-शर्ट का विमोचन छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री द्वारा किया गया। विमोचित टी-शर्ट में अबूझमाड़ की पहाड़ियां, जंगल और माड़िया संस्कृति के प्रतीकों को दर्शाया गया है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह मैराथन केवल दौड़ नहीं, बल्कि अबूझमाड़ में स्थापित हो रही शांति और विश्वास का प्रतीक है। आयोजन में देश-विदेश से धावकों के शामिल होने की संभावना है। चार अलग-अलग कैटेगरी में आयोजित इस मैराथन में विजेताओं को पुरस्कार राशि दी जाएगी।
अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन अब क्षेत्र की पहचान बनती जा रही है और इसके माध्यम से माड़ की कला, संस्कृति और सभ्यता को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। टी-शर्ट लॉन्चिंग के दौरान मंत्री कश्यप सहित जिले के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।




