स्वनिधि योजना से बदली सोनू की जिंदगी बिना गारंटी ऋण ने खोली रोज़गार की नई राह, आय में हुआ उल्लेखनीय इजाफा

नारायणपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना नगर पालिका क्षेत्र के पथ विक्रेताओं के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभर रही है। इसी योजना ने वार्ड क्रमांक 07 बखरूपारा निवासी सोनू कुमार के जीवन में भी बड़ा बदलाव लाया है। वर्षों से जिले के साप्ताहिक बाजारों में टॉर्च, प्लास्टिक के खिलौने और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बेचकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले सोनू की आर्थिक स्थिति सीमित पूंजी के कारण अत्यंत कमजोर थी।
व्यापार बढ़ाने के लिए आवश्यक धनराशि न होने से उनकी आय स्थिर नहीं हो पाती थी। तभी उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। नगर पालिका कार्यालय में आवेदन करने के बाद प्रथम किश्त का ऋण उन्हें शीघ्र स्वीकृत हुआ। पूंजी मिलते ही सोनू ने अपने व्यापार में विविधता बढ़ाई और सामान की मात्रा भी बढ़ाई। इसका सीधा असर उनकी आमदनी पर पड़ा और वे आर्थिक रूप से पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुए हैं।
सोनू कुमार का कहना है कि स्वनिधि योजना उनके जैसे छोटे पथ विक्रेताओं के लिए वरदान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना न केवल आर्थिक सहायता देती है, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी प्रदान करती है।
क्या है प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना
शहरी पथ विक्रेताओं और छोटे दुकानदारों को व्यवसाय बढ़ाने हेतु बिना किसी गारंटी के आसान शर्तों पर ऋण प्रदान करने के उद्देश्य से स्वनिधि योजना शुरू की गई है। योजना में तीन चरणों में ऋण उपलब्ध कराया जाता है—
- पहला चरण: 15,000 रुपये
- दूसरा चरण: 25,000 रुपये
- तीसरा चरण: 50,000 रुपये
एक किश्त की राशि समय पर जमा करने पर ही अगला चरण स्वीकृत किया जाता है, जिससे लाभार्थी व्यवस्थित तरीके से अपना व्यवसाय विस्तार कर सकें। योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी या पैन कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति और आधार से लिंक मोबाइल नंबर अनिवार्य है।
स्वनिधि योजना के माध्यम से नारायणपुर जिले के अनेक पथ विक्रेता आज मजबूत आर्थिक स्थिति की ओर अग्रसर हो रहे हैं और अपने व्यवसाय को नई दिशा दे रहे हैं।
