नारायणपुर में “बचत उत्सव” से गूंजा GST-2 सुधार का जश्न- जनता ने मोदी जी को किया धन्यवाद

नारायणपुर में “बचत उत्सव” से गूंजा GST-2 सुधार का जश्न- जनता ने मोदी जी को किया धन्यवाद…


नारायणपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवरात्रि के प्रथम दिन से लागू किए गए GST-2 सुधार को लेकर नारायणपुर जिले में भाजपा ने उत्सवी माहौल बना दिया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक “बचत उत्सव” के तहत कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुँचे और कर सुधार से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।

बाजारों में दिखा उत्साह
नारायणपुर नगर के मुख्य बाजार, बेनूर, दंडवन, बेलगांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों और उपभोक्ताओं से सीधे संवाद किया। इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि GST-2 सुधार से कर प्रणाली और अधिक सरल व पारदर्शी होगी, जिससे छोटे और मध्यम वर्गीय व्यवसाय को राहत मिलेगी। उपभोक्ताओं ने भी इसे अपनी जेब के लिए फायदेमंद बताते हुए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
जनप्रतिनिधियों ने लिया फीडबैक
ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर उनके विचार और अपेक्षाएं जानीं। वहीं नगर क्षेत्र में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल ने अपने पार्षदों के साथ व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया। उन्होंने दुकानदारों और ग्राहकों को सुधार की विस्तृत जानकारी दी और इसे “जनता की सुविधा का निर्णय” बताया।
भाजपा ने बताया ऐतिहासिक निर्णय
भाजपा GST-2 अभियान के जिला संयोजक पंकज जैन ने कहा कि यह सिर्फ कर सुधार नहीं, बल्कि जनता के लिए राहत की सौगात है। उन्होंने कहा—
“प्रधानमंत्री मोदी जी ने सार्वजनिक समस्याओं को समझते हुए यह निर्णायक कदम उठाया है। बचत उत्सव के माध्यम से हम जनता तक इस राहत को पहुँचाने का प्रयास कर रहे हैं। आने वाले समय में जिले भर में लोग इसके लाभ का अनुभव करेंगे।”
जनता ने जताया आभार
आम नागरिकों ने कहा कि इस सुधार से न केवल व्यापारियों का बोझ घटेगा, बल्कि रोजमर्रा की वस्तुएँ सस्ती होंगी। बाजार में खरीदारी करने आए ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें अब प्रत्यक्ष रूप से राहत मिलेगी और व्यापार में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
माहौल बना उत्सवी
दिनभर बाजारों और चौपालों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा रहा। लोग सुधार की जानकारी सुनने रुके और कई स्थानों पर तालियों से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया गया। नवरात्रि पर्व पर आयोजित “बचत उत्सव” जिले में चर्चा का विषय बना रहा।




