नारायणपुर में मंत्री केदार कश्यप का भव्य स्वागत

नारायणपुर में मंत्री केदार कश्यप का भव्य स्वागत, बाईपास सड़क और ट्रांसपोर्ट नगर की मांग को मिली सहमति
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप को परिवहन मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद शुक्रवार को उनके प्रथम नगर आगमन पर आत्मानंद स्कूल (सिंगोड़ीतराई) के सामने भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। मालक परिवहन संघ, बुढ़ादेव अंजरेल माइंस समिति नारायणपुर और राजाराव माइंस श्रमिक विकास समिति कांकेर के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, बाजे-गाजे, आतिशबाज़ी और पुष्पवर्षा के बीच जोशीला स्वागत किया।

समारोह में परिवहन व्यवसायियों, माइंस श्रमिकों, समाजसेवियों और नगर के प्रबुद्धजनों की भारी उपस्थिति रही। स्वागत संबोधन में मालक परिवहन संघ अध्यक्ष किशोर आर्य ने जिले के विकास हेतु बाईपास सड़क और ट्रांसपोर्ट नगर की मांग रखी। इस अवसर पर परिवहन व्यवसायी गुलाब बघेल ने मंत्री के सम्मान में अभिनंदन पत्र का वाचन किया। तत्पश्चात शाल, स्मृति चिन्ह और अभिनंदन पत्र भेंट कर कश्यप का सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री कश्यप ने आयोजकों व उपस्थितजनों का आभार जताते हुए कहा कि नारायणपुर उनकी कर्मभूमि है और यहां की जनता का स्नेह उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा—
“बाईपास सड़क और ट्रांसपोर्ट नगर जिले के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इन दोनों मांगों पर मैं सहमति जताते हुए शीघ्र स्वीकृति दिलाने का आश्वासन देता हूं। नारायणपुर की परिवहन समस्याओं का स्थायी समाधान मिलेगा और आने वाले समय में यह जिला प्रदेश का सबसे समृद्ध जिला कहलाएगा।”
उन्होंने विश्वास जताया कि जिले की अपार प्राकृतिक संपदा, श्रमशक्ति और संभावनाएं नारायणपुर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
इस अवसर पर भाजपा नेता रूपसाय सलाम, बृजमोहन देवांगन, संदीप कुमार झा, राजेश दीवान, गुलाब बघेल, सोनाराम साहु, अर्जुन कुमेटी, सुरेश नरेटी, लखन नुरेटी, मरण शील, रमेश पींचा, शान्तु दुग्गा, निर्मल नाग, पिंटु गुप्ता, कमलापति मिश्रा, प्रशांत सिंह, सूर्यपाल दुबे, खोगेंद्र निषाद, जगदीश मंडावी, प्रशांत यदु, खेम ठाकुर, रामप्रसाद कुमेटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुदीप झा ने किया और आभार प्रदर्शन राकेश कावडे ने किया। मंत्री के आश्वासन और विजन से उपस्थित व्यवसायियों, युवाओं और सामाजिक प्रतिनिधियों में उत्साह और विश्वास का संचार हुआ।




