नेलनार एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य, कई जघन्य घटनाओं में रहा है शामिल, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
नारायणपुर।
नक्सल विरोधी अभियान में नारायणपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नेलनार एरिया कमेटी के कुख्यात व सक्रिय नक्सली बुधरू पोयाम उर्फ बुदरू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ₹5 लाख का इनाम घोषित था। गिरफ्तार नक्सली को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बुधरू ने वर्ष 2020 में अमदेई हिल्स सुरक्षा कैम्प पर हुए बड़े नक्सल हमले में मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, उसने नेलनार एरिया में ग्रामीणों की हत्या, आईईडी विस्फोट, सड़क काटने और बैनर-पोस्टर लगाने जैसी अनेक नक्सल गतिविधियों को अंजाम दिया है। वह थाना छोटेडोंगर क्षेत्र में हुए कोमल मांझी हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड बताया गया है।
इस तरह चढ़ा पुलिस के हत्थे
दिनांक 24 जून 2025 को ओरछा थाना क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन ड्यूटी पर निकले पुलिस बल एवं आईटीबीपी जवानों को ग्राम रोताड़-जपगुंडा मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास कर रहा था। तत्परता से की गई घेराबंदी के बाद उक्त व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बुधरू पोयाम, निवासी भटबेड़ा थाना ओरछा बताया।
पहचान की पुष्टि के उपरांत उसने स्वयं को प्रतिबंधित माओवादी संगठन में एरिया कमेटी सदस्य (ACM) के रूप में कार्यरत होना स्वीकार किया। आरोपी ने दर्जनों नक्सली वारदातों में शामिल होने की बात भी कबूल की। इसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन संगीन मामलों में रहा है शामिल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बुधरू पोयाम निम्नलिखित जघन्य अपराधों में शामिल रहा है:
03.07.2020 — अमदेई हिल्स सुरक्षा कैप पर हमला (थाना छोटेडोंगर)
14.03.2022 — राजपुर मार्ग पर आईईडी विस्फोट (थाना धनोरा 03/2022)
29.01.2021 — ग्राम टेकानार में एक ग्रामीण की हत्या (थाना ओरछा 01/2021)
17-18.01.2023 — ओरछा-धनोरा मुख्य सड़क काटकर बैनर लगाना (थाना धनोरा 01/2023)
मार्च 2023 — पेड़ काटकर मार्ग बाधित करना (धनोरा 04/2023)
15.02.2024 — हिकपुल्ला मार्ग पर आईईडी ब्लास्ट (धनोरा 03/2023)
कोमल मांझी हत्याकांड — थाना छोटेडोंगर 18/2023
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
- नाम: बुधरू पोयाम उर्फ बुदरू
- पिता का नाम: मोटलू पोयाम
- उम्र: 39 वर्ष
- पता: भटबेड़ा, थाना ओरछा, जिला नारायणपुर (छ.ग.)
- इनाम: ₹5 लाख
- पद: एसीएम सदस्य, नेलनार एरिया कमेटी (माओवादी संगठन)
सक्रिय भूमिका निभाने वाली टीमें
इस सफल कार्रवाई में थाना ओरछा पुलिस, डीआरजी (District Reserve Guard) बल एवं आईटीबीपी की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने इसे नक्सल विरोधी रणनीति की बड़ी उपलब्धि बताया है।