नारायणपुर

नारायणपुर में नक्सल नेटवर्क पर करारा प्रहार, दो सक्रिय नक्सली विस्फोटक सामग्री के साथ दबोचे

ओरछा थाना क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान मिली सफलता, डीआरजी, आईटीबीपी और पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन…

नारायणपुर, 9 मई।
जिले के ओरछा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी कामयाबी मिली है। ग्राम कोडोली, छोटेपलरनार और रेंगाबेड़ा के जंगलों में चलाए जा रहे संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने दो सक्रिय नक्सल सदस्यों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कोन्दाराम उसेण्डी (35) और करंजे उसेण्डी (40), दोनों निवासी ग्राम जुवाड़ा, शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे वर्ष 2024 में ओरछा बाजार के पास टेकरी में तथा 20 मार्च 2025 को जपगुंडा घाटी के समीप सुरक्षा बलों पर हुए बम हमले और फायरिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं।

विस्फोटक सामग्री भी हुई बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 02 नग डेटोनेटर, 01 कुकर, बिजली वायर और अन्य संदिग्ध सामग्री जब्त की है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि कोन्दाराम पिछले 15 वर्षों से रोहताड़ जनताना सरकार में सदस्य के रूप में और करंजे पिछले 14 वर्षों से काकानार मिलिशिया कमांडर के रूप में इंद्रावती एरिया कमेटी में सक्रिय थे। दोनों पुलिस मूवमेंट की रेकी, आईईडी प्लांटिंग और विस्फोट जैसी घटनाओं में संलिप्त रहे हैं।

सुरक्षा बलों पर हमलों में शामिल रहने की स्वीकारी भूमिका
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से नक्सली संगठन के निर्देश पर कई वारदातों को अंजाम दिया। 20 मार्च 2025 की घटना में दो डीआरजी जवान घायल भी हुए थे।

गिरफ्तारी के बाद भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पूरे अभियान में डीआरजी बल, आईटीबीपी 38वीं वाहिनी एवं नारायणपुर पुलिस की संयुक्त भूमिका सराहनीय रही।

थाना ओरछा में दर्ज अपराध
उक्त मामले में थाना ओरछा में अपराध क्रमांक 05/2025 दर्ज कर विभिन्न धाराओं सहित मामला विवेचना में लिया गया है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page