नारायणपुर से ओरछा जा रही थी बस्तर ट्रैवल्स की बस, तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग बनी वजह
नारायणपुर। नारायणपुर से अबूझमाड़ के ओरछा जा रही बस्तर ट्रैवल्स की एक यात्री बस शुक्रवार दोपहर गढ़बेंगाल पुल के पास हादसे का शिकार हो गई। बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दर्जनों यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बस (क्रमांक CG 21F 0926) में निर्धारित संख्या से अधिक यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार में चलते हुए बस जैसे ही पुल पर पहुंची, संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीयों ने किया रेस्क्यू:
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई यात्रियों को निगरानी में रखा गया है।
प्रशासन पहुंचा मौके पर:
प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को मुख्य वजह माना गया है। दुर्घटना की जांच की जा रही है।