नारायणपुर

बस्तर पंडुम 2025 में नारायणपुर का दबदबा, सात विधाओं में जीती बहुमूल्य उपलब्धि

बस्तर पंडुम 2025 में नारायणपुर का दबदबा, सात विधाओं में जीती बहुमूल्य उपलब्धि…

नारायणपुर, 06 अप्रैल 2025: छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित बस्तर पंडुम 2025 की जनपद, जिला और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में नारायणपुर जिले ने शानदार प्रदर्शन किया। बस्तर पंडुम का आयोजन बस्तर संभाग के जनजातीय संस्कृति, कला, और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से किया गया था, जिसमें जिले के प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त किए।

प्रतियोगिता का समापन समारोह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। इस आयोजन में बस्तर संभाग के सभी जिलों से प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर, सुकमा, जगदलपुर, कांकेर और नारायणपुर शामिल थे।

नारायणपुर जिले के प्रतिभागियों ने बस्तर पंडुम 2025 में सात प्रमुख विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिनमें जनजाति गीत में हेमलता करंगा और उनके साथियों ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जनजाति नाट्य में कौशल कोर्राम और उनके साथियों ने भी पहले स्थान पर कब्जा जमाया। जनजातीय शिल्प और चित्रकला में बलदेव मंडावी और उनके साथियों ने भी पहला स्थान प्राप्त किया।

वहीं, जनजातीय वेशभूषा और आभूषण के प्रदर्शन में दिनेश सलाम और उनके साथियों ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा, जनजातीय पेय पदार्थ और व्यंजन में मनीषा मानिकपुरी और उनके साथियों ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है और बस्तर पंडुम 2025 में नारायणपुर ने अपनी सांस्कृतिक विविधता और कला के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साबित किया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page