नारायणपुर
रामकृष्ण मिशन विवेकानंद विद्यापीठ में विज्ञान-गणित मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन



नारायणपुर, 17 अक्टूबर 2024: रामकृष्ण मिशन विवेकानंद विद्यापीठ में तीन दिवसीय विज्ञान-गणित मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन 15 से 17 अक्टूबर 2024 तक किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में 15 विद्यालयों से कुल 59 मॉडल प्रस्तुत किए गए हैं।

प्रदर्शनी का उद्घाटन एस.आर. कुंजाम, प्राचार्य, आत्मानंद महाविद्यालय नारायणपुर द्वारा किया गया। अध्यक्षता स्वामी व्याप्तानन्द ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि मनोज बागड़े, प्राचार्य, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर थे। प्रदर्शनी में स्वामी अनुभवानन्द, स्वामी वसुदानन्द, स्वामी कृष्णामृतानन्द, स्वामी मुक्त्यानन्द, ब्र. जनार्दनचैतन्य और विद्यापीठ के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।
इस प्रदर्शनी में विवेकानंद विद्यापीठ नारायणपुर ने 40 मॉडल प्रस्तुत किए, जबकि अन्य विद्यालयों जैसे विवेकानंद विद्यामंदिर कुंदला, आकाबेड़ा, इरकभट्टी, कच्चापाल और माँ सारदा विद्यामंदिर, ओरछा ने 2-2 मॉडल और अन्य स्कूलों ने 1-1 मॉडल प्रस्तुत किए। कुल मिलाकर 2000 से अधिक छात्र इस प्रदर्शनी को देखने आए।
प्रतिभागियों के मॉडल में विज्ञान, गणित और कृषि से संबंधित विषय शामिल थे। उत्कृष्टता के लिए 10 मॉडल को पुरस्कृत किया गया। निर्णायक मंडल में संदीप पटेल, सहा प्राध्यापक, शा. स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय नारायणपुर, लोकनाथ भोयर, सहायक संचालक (कृषि), नारायणपुर, और डी.डी. प्रधान, व्याख्याता, शा. बा. उ. मा. विद्यालय नारायणपुर शामिल थे।
प्रदर्शनी में चि. मुरलीधर भंडारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कु. राजेश्वरी गोटा और चि. कोविद चंद्राकार को क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान मिला। प्रथम पुरस्कार के तहत 1000 रुपए नकद और ट्रॉफी दी गई, जबकि द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 700 और 500 रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। अन्य सात उत्कृष्ट मॉडलों को 200 रुपए नकद दिए गए।
पुरस्कार वितरण समारोह में स्वामी अनुभवानन्द ने पुरस्कार वितरित किए, और स्वामी वसूदानंद भी उपस्थित थे। स्वामी कृष्णामृतानन्द ने बताया कि प्रदर्शनी में 50 प्रतिशत मॉडल छात्रों द्वारा अपने मन से बनाए गए हैं, जो उनकी प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है।




