हाच्चेकोटी के जंगल में नक्सलियों का पुराना हथियार व विस्फोटक डंप बरामद
पुलिस-बीएसएफ की संयुक्त सर्चिंग में सफलता, .315 राइफल समेत बड़ी मात्रा में कारतूस और विस्फोटक सामग्री मिली

नारायणपुर, 3 सितंबर। नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके नारायणपुर जिले को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा बलों का सघन सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने हाच्चेकोटी के जंगल में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल और 129वीं वाहिनी बीएसएफ के कमांडेंट मुकेश कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अक्षय साबद्रा के मार्गदर्शन में जिले के दुर्गम और अंदरूनी इलाकों में लगातार संयुक्त सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 2 सितंबर को हाच्चेकोटी के जंगल क्षेत्र में संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया। जंगल में संदिग्ध स्थान की सावधानीपूर्वक तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखी गई सामग्री मिली। तलाशी में एक जंग लगी और बट रहित .315 राइफल के साथ विभिन्न हथियारों के कारतूस तथा विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
राइफल, 41 कारतूस और डेटोनेटर बरामद
सुरक्षा बलों को मौके से .315 राइफल एक नग, .315 के 16 कारतूस, .303 के 2 कारतूस, 7.62 एमएम के 4 कारतूस, 5.56 एमएम का एक कारतूस और 12 बोर के 18 कारतूस मिले। इसके अलावा 6 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और कमर्शियल कॉर्डटेक्स के 2 बंडल भी बरामद किए गए।
तलाशी के दौरान नक्सली साहित्य, फ्लेक्सिबल वायर, एलईडी लाइट और पाउच स्ट्रिप के दो नग भी सुरक्षा बलों के हाथ लगे।
पुराने डंप की तलाश जारी
नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके इलाकों में भी सुरक्षा बल अब जंगलों में पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के पुराने डंप तलाश रहे हैं। अभियान का उद्देश्य नक्सल गतिविधियों के बचे हुए अवशेषों को पूरी तरह समाप्त कर अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है।
हाच्चेकोटी जंगल से हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को इसी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीमें क्षेत्र में लगातार सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन कर रही हैं। सुरक्षा बलों का कहना है कि जिले में शांति और सुरक्षा कायम रखने के साथ नक्सली गतिविधियों के अवशेषों को भी समाप्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।




