नारायणपुर

बेनूर पुलिस का बड़ा प्रहार, अवैध शराब बेचते आरोपी को रंगे हाथ दबोचा

59 नग अंग्रेजी-देशी शराब और ₹8,100 नकद जब्त, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज मुखबिर की सूचना पर बंगोली गांव में दबिश, पुलिस बोली—अवैध कारोबारियों पर आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

नारायणपुर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बेनूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 59 नग अंग्रेजी एवं देशी शराब तथा शराब बिक्री से प्राप्त ₹8,100 नकद जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बेनूर अविनाश कंवर के मार्गदर्शन में थाना बेनूर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश पटेल को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बंगोली निवासी एक व्यक्ति अपने घर के बाहर अवैध रूप से अंग्रेजी एवं देशी शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर विधिवत घेराबंदी की गई और मौके पर दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान ग्राम बंगोली निवासी बिरेश नेताम (35 वर्ष) को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 50 नग देशी मदिरा पाव एवं 9 नग अंग्रेजी शराब सहित कुल 59 नग अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹10,620 आंकी गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त ₹8,100 नकद भी जब्त किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध अनुज्ञप्ति अथवा अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन में ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त और निरंतर कार्रवाई की जाएगी।

नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास कहीं भी अवैध शराब बिक्री, मादक पदार्थों के कारोबार अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page