नारायणपुर

बरसात में मलेरिया पर वार, हर बच्चे का बनेगा आधार… कलेक्टर ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा पर फोकस | स्कूल-आश्रमों में शत-प्रतिशत मलेरिया जांच, छात्र-छात्राओं का आधार पंजीयन और कन्या छात्रावासों में महिला सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था के निर्देश

नारायणपुर। जिले में मलेरिया नियंत्रण से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, आधार पंजीयन और छात्राओं की सुरक्षा तक शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। कलेक्टर नम्रता जैन ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मलेरिया मुक्त अभियान, स्वास्थ्य सेवाओं, आधार पंजीयन, शिक्षा, आवासीय संस्थाओं और विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

मलेरिया जांच में नहीं हो कोई कमी

बरसात के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि मलेरिया मुक्त अभियान को युद्धस्तर पर संचालित करते हुए अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से जिले के सभी स्कूलों, आश्रमों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों की शत-प्रतिशत मलेरिया जांच कराई जाए। जांच के दौरान संक्रमित पाए जाने वाले बच्चों का तत्काल उपचार सुनिश्चित करने तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी और रोकथाम संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

कोई भी बच्चा आधार कार्ड से वंचित न रहे

बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों, आश्रमों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों का शत-प्रतिशत आधार कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड के अभाव में कोई भी बच्चा छात्रवृत्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य अथवा अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। अधिकारियों को आधार पंजीयन की नियमित समीक्षा कर शेष बच्चों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही बस्तर मुन्ने योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को भी कहा गया।

निर्माण कार्यों में तेजी, सड़क और भवनों की होगी मरम्मत

कलेक्टर ने जिले में निर्माणाधीन स्कूल, आश्रम एवं छात्रावास भवनों की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों एवं छात्रावासों तक पहुंचने वाले मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने तथा भवनों में जरूरी सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

कन्या छात्रावासों में महिला सुरक्षा गार्ड अनिवार्य

छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी कन्या आश्रमों एवं छात्रावासों में महिला सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए सुरक्षित, अनुशासित और अनुकूल आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

टीबी, कृमि मुक्ति और मायका सेंटर की भी समीक्षा

बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान तथा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मायका सेंटर में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

किसानों को समय पर मिले खाद-बीज

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में खाद एवं बीज वितरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी पात्र किसानों तक समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ई-ऑफिस संचालन पर भी सख्ती

बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली का अनिवार्य एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध और परिणाममूलक कार्य सुनिश्चित करे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुनील कुमार सोनपिपरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर, तहसीलदार सौरभ चौरसिया, विजय साहू, जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्रनाथ पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page