नारायणपुर

अबूझमाड़ के 567 पात्र परिवारों को मिलेगा पक्का घर, आवास स्वीकृति प्रक्रिया शुरू

जनपद पंचायत ओरछा ने जारी की महत्वपूर्ण सूचना • विस्थापित और नक्सल पीड़ित परिवारों को मूल ग्राम पंचायत में मिलेगा योजना का लाभ, दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील

नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र के सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री एवं राज्य शासन की आवास योजना का लाभ दिलाने की दिशा में जनपद पंचायत ओरछा ने महत्वपूर्ण पहल की है। जनपद पंचायत ने ऐसे 567 पात्र हितग्राहियों की सूची जारी की है, जिनके नाम स्थायी प्रतीक्षा सूची में दर्ज हैं, लेकिन वर्तमान में वे अपने मूल ग्राम पंचायतों के बजाय अन्य जिलों अथवा अन्य स्थानों पर निवास कर रहे हैं। इन सभी हितग्राहियों को उनके मूल ग्राम पंचायतों में आवास स्वीकृत करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

जनपद पंचायत के अनुसार सूची में 258 विस्थापित परिवार तथा 309 नक्सल पीड़ित परिवार शामिल हैं। इन सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की आवास योजना से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

दस्तावेजों के साथ आवास शाखा में होना होगा उपस्थित

जनपद पंचायत ओरछा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित भाटिया ने बताया कि सभी पात्र हितग्राहियों अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों को जनपद पंचायत ओरछा की आवास शाखा में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य है। समय पर उपस्थिति दर्ज कराने से आवास स्वीकृति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि हितग्राहियों को उपस्थित होते समय आधार कार्ड, परिवार अथवा समग्र संबंधी आवश्यक दस्तावेज (यदि लागू हो), बैंक खाते का विवरण, मोबाइल नंबर तथा आवास शाखा द्वारा मांगे गए अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।

जानकारी के अभाव में कोई पात्र परिवार न रहे वंचित

जनपद पंचायत ने विशेष रूप से अबूझमाड़ क्षेत्र के उन सभी पात्र परिवारों से अपील की है, जिनका नाम जारी सूची में शामिल है, कि वे शीघ्र जनपद पंचायत की आवास शाखा में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं, ताकि शासन की महत्वाकांक्षी आवास योजना का लाभ समय पर प्राप्त किया जा सके।

जनप्रतिनिधियों और मीडिया से भी सहयोग की अपील

जनपद पंचायत ने जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों एवं मीडिया से भी इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया है। उद्देश्य यह है कि केवल जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र परिवार शासन की आवास योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page