रिश्तेदार महिला पर जानलेवा हमला, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
पारिवारिक विवाद में डंडे से किया था हमला • नारायणपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, न्यायालय से भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

नारायणपुर। पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला पर प्राणघातक हमला करने के मामले में नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को थाना नारायणपुर में दर्ज शिकायत में बताया गया कि ग्राम ताड़ोपाल निवासी जगदेव वड़डे (30) ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी रिश्तेदार महिला पर लकड़ी के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। घायल महिला का जिला अस्पताल नारायणपुर में उपचार जारी है।
बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
शिकायत के आधार पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 69/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 109 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
हमले में प्रयुक्त डंडा भी बरामद
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
न्यायालय से भेजा गया जेल
पुलिस ने 23 जुलाई 2026 को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : पुलिस
नारायणपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ या किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




