परियना ने रचा सफलता का नया इतिहास, नीट में 11 विद्यार्थियों ने लहराया परचम
कलेक्टर नम्रता जैन ने सफल विद्यार्थियों का किया सम्मान, मिठाई खिलाकर बढ़ाया उत्साह • दो छात्राओं का एमबीबीएस में चयन तय, एक अन्य की भी प्रबल संभावना

नारायणपुर। जिला प्रशासन द्वारा संचालित परियना जेईई/नीट आवासीय कोचिंग सेंटर, गरांजी ने एक बार फिर अपनी गुणवत्ता का परिचय देते हुए नीट-2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में केंद्र के 11 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर नम्रता जैन ने सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर, उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जिले के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रतियोगी परीक्षा में सफलता अर्जित करना पूरे नारायणपुर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
102 में से 11 विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा की उत्तीर्ण
परियना जेईई/नीट आवासीय कोचिंग सेंटर के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विज्ञान संकाय के 102 छात्र-छात्राओं ने नीट-2026 परीक्षा में भाग लिया था। इनमें से 11 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। यह परिणाम परियना कोचिंग सेंटर की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण माना जा रहा है।
दो छात्राओं का एमबीबीएस में चयन सुनिश्चित
नीट में सफल विद्यार्थियों में भावनी मांझी का शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए चयन सुनिश्चित हो चुका है। वहीं श्वेता ठाकुर के भी शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में चयन की प्रबल संभावना जताई जा रही है। इससे जिले में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीदें जगी हैं।
मेहनत और मार्गदर्शन से मिली सफलता
सम्मान समारोह में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे, शिक्षकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।




