नारायणपुर

गुरु रविदास का समरसता संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक : सुधीर पांडे

भाजपा की प्रेस वार्ता में समरसता संकल्प अभियान की रूपरेखा साझा, प्रकाश पर्व पर जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम

नारायणपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में संचालित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय नारायणपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में अभियान की रूपरेखा, आगामी कार्यक्रमों और सामाजिक समरसता को लेकर पार्टी की रणनीति से मीडिया को अवगत कराया गया।

मुख्य वक्ता एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर पांडे ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गुरु रविदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समरसता संकल्प अभियान चला रही है।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के बीच संवाद स्थापित कर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा संतों और महापुरुषों के विचारों को समाज में प्रतिष्ठित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

सुधीर पांडे ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक न्याय, समान अवसर और समरसता का प्रतीक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही मजबूत, समावेशी और संगठित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा गुरु रविदास जी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को अभियान की रूपरेखा, आगामी आयोजनों तथा प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए अभियान के उद्देश्यों और संगठन की आगामी गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, नगर पालिका उपाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष बबीता ठाकुर, जिला महामंत्री संदीप झा, जिला पंचायत सदस्य शांति नेताम तथा जिला भाजपा मीडिया प्रभारी सुदीप झा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page