नारायणपुर

सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब, रेकावाया शिविर में 197 आवेदनों का मौके पर निराकरण

अबूझमाड़ के सुदूर गांव में शासन पहुंचा जनता के द्वार, 407 आवेदन प्राप्त

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। सुदूर अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्रामीणों तक शासकीय योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के तहत ओरछा विकासखंड के ग्राम रेकावाया में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों के आवेदन प्रस्तुत किए। प्रशासन द्वारा कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को तत्काल राहत प्रदान की गई।

शिविर में कुल 407 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 197 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि 210 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। स्वास्थ्य विभाग से सर्वाधिक 150 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निराकरण भी मौके पर किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से 100 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा पीएम किसान योजना से संबंधित 40, राशन कार्ड से जुड़े 44, आधार कार्ड संबंधी 24 तथा श्रम विभाग से 23 आवेदन प्राप्त हुए।

“सुशासन तिहार 2026” राज्य शासन का व्यापक जनसमस्या निवारण अभियान है, जिसका आयोजन 1 मई से 10 जून तक प्रदेशभर में किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक शासकीय सेवाओं को पहुंचाना और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।

एक बस में पहुंचे अधिकारी, दिया ईंधन बचत का संदेश

रेकावाया समाधान शिविर की सबसे विशेष बात यह रही कि जिला प्रशासन के सहयोग से पहली बार जिला स्तरीय अधिकारी एक ही बस में सवार होकर शिविर स्थल पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा ईंधन संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर दिए गए संदेश को व्यवहार में उतारते हुए अधिकारियों ने सामूहिक यात्रा कर पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया।

योजनाओं की जानकारी के साथ मिली त्वरित सेवाएं

कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई। ग्रामीणों से राशन कार्ड, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं श्रम कार्ड बनवाने की अपील भी की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों की जांच कर त्वरित उपचार उपलब्ध कराया। शिविर में दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने पर संतोष जताया।

एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग ने कहा कि ऐसे समाधान शिविरों से ग्रामीणों की समस्याओं का तेजी से निराकरण हो रहा है और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से मिल पा रहा है।

शिविर में रेकावाया सरपंच दुमरी कुंजाम, डुंगा सरपंच सुखराम पोडियाम, पिरियाकोट सरपंच चिमरी मंडावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ. राजेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, जनपद पंचायत सीईओ लोकेश चतुर्वेदी, जिला खाद्य अधिकारी अलाउद्दीन खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page