नारायणपुर

मोदी सरकार पर कांग्रेस का हमला, महंगाई और विदेश दौरों को लेकर घेरा

“12 साल में 50 गुना बढ़ी महंगाई, जनता पर बोझ डाल रही भाजपा सरकार” — नरेश ठाकुर

“प्रधानमंत्री बताएं 70 देशों की यात्राओं से देश को क्या लाभ मिला”

नारायणपुर। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस संकट को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को विफल बताते हुए आम जनता पर महंगाई का बोझ डालने का आरोप लगाया।

प्रेस वार्ता में कांकेर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नरेश ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन केंद्र सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने विदेश यात्राओं में व्यस्त है।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई कम करने के वादे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन 12 वर्षों के कार्यकाल में आवश्यक वस्तुओं के दाम कई गुना बढ़ गए। उन्होंने कहा कि सोना, खाद्य तेल, आटा, दाल और चावल जैसी जरूरत की वस्तुओं में 22 प्रतिशत से लेकर 50 प्रतिशत तक महंगाई बढ़ी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव के समय कांग्रेस पर जनता का “सोना छीनने” का आरोप लगाते थे, लेकिन भाजपा शासनकाल में सोने की कीमतें 28 हजार रुपये से बढ़कर करीब 1.60 लाख रुपये तक पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री जनता से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार हर समस्या का बोझ जनता पर डाल रही है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम आदमी परेशान है, जबकि किसानों को भी रासायनिक उर्वरकों की कमी और बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आखिर कब पूरा होगा।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने विदेश नीति को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अमेरिका के दबाव में रूस और ईरान जैसे देशों से संबंध कमजोर कर रहे हैं। साथ ही यह भी कहा कि भाजपा सरकार 12 वर्षों में एक भी नया तेल भंडारण केंद्र नहीं बना सकी और आज भी कांग्रेस शासनकाल में बनाए गए भंडारण पर ही निर्भर है।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनू नेताम, ब्लॉक अध्यक्ष पंडी वड्डे, रवि देवांगन, शेख तौहीद, अमित भद्र, संजय राय, वीपी शुक्ला, प्रमोद नैलवाल, महेश कश्यप, शब्बीर बढ़गुजर, शिवकुमार पांडेय, राकेश केशरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page