महिला शक्ति से मजबूत होगा भाजपा संगठन
ओरछा मंडल महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक में संगठन विस्तार और महिला सशक्तिकरण पर जोर

नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में भाजपा महिला मोर्चा ओरछा मंडल की परिचयात्मक बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में महिला सशक्तिकरण, संगठन की मजबूती और भाजपा की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने संगठनात्मक ऊर्जा और सक्रियता का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। बैठक में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, महिला मोर्चा ओरछा मंडल अध्यक्ष शांति नेताम, जिला पंचायत सदस्य हीना नाग एवं लता कोर्राम मंचासीन रहीं।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और संस्कारों पर आधारित विचार परिवार है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति भाजपा संगठन की सबसे मजबूत आधारशिला है और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संगठन बूथ स्तर तक मजबूत बनता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित महिला हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के आत्मनिर्भरता, सम्मान और सामाजिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
महिला मोर्चा ओरछा मंडल अध्यक्ष शांति नेताम ने महिला कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति-नीति और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी और जिला पंचायत सदस्य हीना नाग ने भी महिला कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक एकजुटता के साथ समाज सेवा और जनसंपर्क बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की सक्रियता से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर कमली पोटाई, राजकुमारी दुग्गा, मंगते दुग्गा, राधिका नेताम, सुखयारिन उसेंडी, सोमी कचलाम, प्रमिला नूरेटी सहित महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।




