नारायणपुर

फर्जी बिल बुक से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

खुद को कोल्ड ड्रिंक्स कंपनी का प्रतिनिधि बताकर व्यापारियों से ऐंठता था रकम, पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दबोचा गया

नारायणपुर। जिले के थाना झाराघाटी पुलिस ने फर्जी बिल बुक और नकली दस्तावेजों के जरिए व्यापारियों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी स्वयं को रायपुर की एक कोल्ड ड्रिंक्स कंपनी का सेल्स प्रतिनिधि बताकर ग्रामीण और बाजार क्षेत्र के व्यापारियों को कम दरों में सामान उपलब्ध कराने का झांसा देता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना झाराघाटी में दर्ज अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत आरोपी बादल सिंह पिता शमशेर सिंह (37 वर्ष) निवासी रबर फैक्ट्री रोड, राजीव गांधी वार्ड, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी नारायणपुर जिले के झाराघाटी क्षेत्र सहित विभिन्न गांवों और बाजारों में किराना व्यापारियों से संपर्क करता था। वह स्वयं को “गुरुनानक कोल्ड ड्रिंक्स रायपुर” कंपनी का अधिकृत सेल्स प्रतिनिधि बताकर कम कीमत में कोल्ड ड्रिंक्स, फ्रीजर और अन्य सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाता था। आरोपी व्यापारियों को आकर्षक ऑफर और योजनाओं का लालच देकर उनसे नगद और ऑनलाइन माध्यम से रकम लेता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम महिमावाड़ी निवासी प्रार्थी शंकरदास बघेल ने थाना झाराघाटी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी उसकी दुकान में पहुंचा और कंपनी का सेल्समैन बताकर कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने की बात कही। आरोपी ने विभिन्न योजनाओं और ऑफर का हवाला देकर उससे नगद और फोन-पे के माध्यम से कुल 33 हजार 560 रुपये प्राप्त कर लिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो सामान पहुंचाया और न ही पैसे लौटाए। बाद में उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल नंबर, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और दस्तावेजों की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी व्यापारियों से प्राप्त रकम अपने मोबाइल नंबर से जुड़े फोन-पे खाते में ट्रांसफर करवाता था। पुलिस लगातार आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रख रही थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने फर्जी बिल बुक और नकली दस्तावेज तैयार कर व्यापारियों से रकम लेने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य पीड़ित व्यापारियों की जानकारी भी सामने आ रही है, जिसकी विस्तृत जांच जारी है।

नारायणपुर पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी कंपनी प्रतिनिधि अथवा सेल्स एजेंट पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी प्रकार का ऑनलाइन या नगद भुगतान करने से पहले संबंधित कंपनी, बिल और पहचान दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page