धौडाई को मिली 108 एंबुलेंस की सौगात
दूरस्थ ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई मजबूती, आपातकालीन सेवाएं होंगी और तेज

मंत्री केदार कश्यप की पहल पर वर्षों पुरानी मांग पूरी, क्षेत्रवासियों में खुशी
नारायणपुर। जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्राम धौडाई क्षेत्र को 108 एंबुलेंस सेवा की सौगात मिलने से अब ग्रामीणों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का त्वरित लाभ मिल सकेगा। सड़क दुर्घटना, प्रसव पीड़ा और गंभीर बीमारी जैसी परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में यह सुविधा बड़ी राहत साबित होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन और जनकल्याणकारी नीति के तहत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप की पहल पर धौडाई क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई।
ग्रामीण अंचल में 108 एंबुलेंस सेवा शुरू होने से अब दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के हजारों लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए जीवनरक्षक सुविधा बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला पंचायत सदस्य सुश्री लता कोर्राम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्री केदार कश्यप का आभार जताते हुए कहा कि धौडाई क्षेत्र की जनता लंबे समय से एंबुलेंस सेवा की मांग कर रही थी। सरकार ने जनभावनाओं को समझते हुए क्षेत्र की जरूरत को प्राथमिकता दी और अब यह बहुप्रतीक्षित सुविधा ग्रामीणों को मिल गई है।
उन्होंने कहा कि यह सेवा विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने भी सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार वनांचल और दूरस्थ इलाकों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उठाया गया यह कदम ग्रामीण जनता के जीवन को अधिक सुरक्षित और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।




