जिले में जनगणना-2027 का आगाज, मकान गणना का पहला चरण शुरू
30 मई तक चलेगा घर-घर सर्वे, 342 प्रगणक व 61 सुपरवाइजर जुटे — अपर कलेक्टर ने किया निरीक्षण, सटीक जानकारी पर जोर

नारायणपुर। जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य शुक्रवार से शुरू हो गया है। इस चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य किया जा रहा है, जो 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा। प्रशासन ने इसे राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए हैं।
अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने नगरपालिका क्षेत्र के डूमरतराई और बखरूपारा पहुंचकर मकान गणना कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों से चर्चा कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मोबाइल एप से हो रही डेटा एंट्री
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने एचएलओ (HLO) मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज की जा रही जानकारियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रगणकों को निर्देशित किया कि हर परिवार तक पहुंचकर सटीक एवं तथ्यात्मक जानकारी दर्ज करें, ताकि भविष्य की योजनाओं के निर्माण में इन आंकड़ों का प्रभावी उपयोग किया जा सके।
‘राष्ट्रीय जिम्मेदारी, पूरी पारदर्शिता जरूरी’
अपर कलेक्टर पंचभाई ने कहा कि जनगणना देश का महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसे पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
342 प्रगणक, 61 सुपरवाइजर तैनात
जिले में इस चरण को सफल बनाने के लिए 342 प्रगणक और 61 सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई गई है, जो घर-घर जाकर सर्वे कार्य कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीराम यादव, राजस्व निरीक्षक भूषण सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
दो चरणों में पूरी होगी जनगणना प्रक्रिया
उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 की पूरी प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी, जिसमें पहले चरण में मकान सूचीकरण और दूसरे चरण में जनसंख्या संबंधी विस्तृत आंकड़े जुटाए जाएंगे।




