नारायणपुर

राष्ट्रपति से मिलकर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने सीएम साय से की मुलाकात

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और लोक संस्कृति की छाप, नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी

रायपुर। राष्ट्रपति भवन की यादगार यात्रा से लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से हुई आत्मीय मुलाकात, संवाद और राष्ट्रपति भवन के भ्रमण के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी यात्रा के अनुभवों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति से मुलाकात उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने उनसे सहजता और आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जाना।

नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी, भावुक हुआ पल

रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेह नुकेश के साथ वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी अविस्मरणीय स्मृति बन गया।

सुवा नृत्य ने मोहा मन

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की भी सुंदर झलक देखने को मिली। छात्राओं ने प्रदेश के पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। लोकगीत, संगीत और पारंपरिक संस्कृति से सजी इस प्रस्तुति की राष्ट्रपति ने सराहना की। विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं की पहचान को सामने रखा।

साय बोले- बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। ऐसे अवसर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके सपनों को नई दिशा देते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभा के साथ उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी परिचय कराया। हमारी लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी जब इसे आत्मसात कर देश के प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुत करती है, तो परंपराओं को नई ऊर्जा और व्यापक पहचान मिलती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और यात्रा के अनुभवों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने सपनों को बड़ा रखें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी उपलब्धियों से परिवार, प्रदेश और देश को गौरवान्वित करें।

इन विद्यार्थियों ने की राष्ट्रपति से मुलाकात

राष्ट्रपति से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू एवं डिगेश सेन शामिल रहे।

इस अवसर पर डॉ. मुक्ति बैस, राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर तथा चंद्रशेखर मिथलेश, व्याख्याता (भौतिकी), शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद भी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page