ईद मिलादुन्नबी पर सेवा की मिसाल, मरीजों और दिव्यांग बच्चों संग बांटी खुशियां
जिला अस्पताल में मरीजों को फल, स्टाफ को कलम भेंट; गरांजी के आवासीय दिव्यांग विद्यालय में बच्चों को पाठ्य सामग्री और भोजन कराया उपलब्ध

नारायणपुर। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आजाद फाउंडेशन एवं ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन ने इंसानियत, भाईचारे और सेवाभाव का संदेश देते हुए सेवा की मिसाल पेश की। संस्था की ओर से जिला अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए गए, जबकि अस्पताल के स्टाफ को कलम भेंट कर उनके सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इस दौरान मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई।

सेवा कार्य को आगे बढ़ाते हुए संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य गरांजी स्थित ‘परीयना’ आवासीय दिव्यांग विद्यालय पहुंचे। यहां विशेष बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें पाठ्य सामग्री एवं भोजन उपलब्ध कराया गया। संस्था सदस्यों ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनके साथ खुशियां बांटकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।
दस वर्षों से सेवा की परंपरा
आज़ाद फाउंडेशन के फाउंडर हाजी डॉ. सैय्यद वली आज़ाद के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों से ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल एक दिन सेवा करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद के लिए निरंतर सक्रिय रहना है।
उन्होंने बताया कि जिले में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने तथा अन्य जनहितकारी कार्यों में संस्था आगे भी पूरी तत्परता से काम करती रहेगी।
‘जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना सच्ची इबादत’
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जीवन इंसानियत, भाईचारे, प्रेम और जरूरतमंदों की मदद की प्रेरणा देता है। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर विशेष बच्चों और जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटना समाज में सेवा, मानवता और सद्भाव का सकारात्मक संदेश देने का प्रयास है।
ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष मुबारक खान अजहरी ने बताया कि संस्था सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। भविष्य में भी जनहित एवं सेवाभाव से जुड़े कार्य जारी रहेंगे।
पदाधिकारियों और सदस्यों का रहा सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष योगदान रहा। जिला अध्यक्ष मो. मुबारक खान अजहरी, जिला संरक्षक मोहसिन रजा (संभाग सदस्य), जिला संरक्षक हाशिम अहमद खान (संभाग सदस्य), जिला वरिष्ठ सलाहकार जहीर खान (संभाग सदस्य), जिला प्रवक्ता अधिवक्ता शादान फारुकी, जिला उपाध्यक्ष फारुक शाह, शेख शकील, मो. जैद अशरफ एवं शेख फरीद, जिला सचिव अलतमश फारुकी, कोषाध्यक्ष अब्दुल गफूर, जिला मीडिया प्रभारी हाजी शेख अरमान, सोशल मीडिया प्रभारी मो. साहजान एवं अब्दुल रहीम सहित सुफियान खान, शेख फैजान, जावेद मिर्जा बैग, कामरान खान, पूर्व सदर मो. फिरोज, रिजवान फारुकी एवं मो. हुसैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ईद मिलादुन्नबी पर आयोजित इस पहल ने धार्मिक पर्व को मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए समाज के सामने सकारात्मक एवं प्रेरणादायी संदेश प्रस्तुत किया।




