यातायात की पाठशाला में विद्यार्थियों ने सीखे सड़क सुरक्षा के सबक
स्वामी आत्मानंद स्कूल के विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी जानकारी, नाबालिगों के वाहन चलाने के जोखिम भी बताए

नारायणपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नारायणपुर यातायात पुलिस ने शासकीय स्वामी आत्मानंद विद्यालय, महावीर चौक में ‘यातायात की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क संकेतों और सुरक्षित आवागमन के तौर-तरीकों की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में 25 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में यातायात प्रभारी (रक्षित निरीक्षक) मो. मोहसिन खान एवं यातायात पुलिस के स्टाफ ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
रेड-ग्रीन-यलो लाइट का समझाया महत्व
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात संकेतों और सड़क चिन्हों के साथ रेड, ग्रीन और यलो लाइट के महत्व के बारे में बताया। सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग अथवा निर्धारित स्थान का उपयोग करने, सड़क पर सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और परिजनों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नाबालिग अवस्था में वाहन चलाने से होने वाले जोखिम और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
दुर्घटना में घायल की मदद के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम में पीएम राहत योजना एवं राहवीर योजना के संबंध में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आने और जरूरतमंद की सहायता करने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात प्रभारी मो. मोहसिन खान ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित आवागमन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
शिक्षक-विद्यार्थियों ने लिया सड़क सुरक्षा का संकल्प
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार बागड़े सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। नारायणपुर पुलिस ने विद्यार्थियों के माध्यम से आमजन को संदेश दिया कि नियमों का पालन करें, सड़क सुरक्षा अपनाएं और स्वयं के साथ दूसरों को भी सुरक्षित रखें।




