बारिश ने तोड़ी राह, प्रशासन ने संभाली कमान: मरोली नाला पुलिया की मरम्मत युद्धस्तर पर
कलेक्टर नम्रता जैन और एसपी संदीप पटेल ने मौके पर किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं, जल्द बहाल होगा आवागमन

नारायणपुर, 5 अगस्त। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिले में ग्रामीण संपर्क मार्गों पर संकट गहरा गया है। ग्राम भरण्डा से हुच्चाकोट मार्ग पर स्थित मरोली नाला की क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण करने बुधवार को कलेक्टर नम्रता जैन और पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल स्वयं मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मरम्मत कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि लगातार हुई मूसलधार बारिश के कारण पुलिया के दोनों ओर का अप्रोच पूरी तरह बह गया है, जिससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराने, पर्याप्त मशीनरी एवं संसाधन उपलब्ध कराने तथा कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए।
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने पुलिया के दोनों ओर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यस्थल पर किसी प्रकार की दुर्घटना न हो और आम नागरिकों को किसी जोखिम का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मरम्मत कार्य की नियमित निगरानी की जाए तथा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मार्ग को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाकर पुनः आवागमन के लिए खोला जाए, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को राहत मिल सके।
जिला प्रशासन के अनुसार पुलिया की मरम्मत का कार्य तेज गति से कराया जा रहा है तथा पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, तहसीलदार सौरभ चौरसिया, जनपद पंचायत सीईओ गुरमित सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




