नारायणपुर के पत्रकार को नेपाल में मिला अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान
काठमांडू में आयोजित समारोह में सम्मानित, भारत-नेपाल के सामाजिक सरोकार और जनहित आधारित पत्रकारिता के योगदान को मिली पहचान

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अभिषेक बेनर्जी को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एक समारोह में ‘अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान–2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नेपाल सरकार के बागमती प्रदेश के उद्योग, पर्यटन, श्रम तथा यातायात मंत्री सुरेश श्रेष्ठ ने प्रदान किया।

आयोजकों के अनुसार, भारत और नेपाल के बीच सामाजिक सरोकारों, जनहित के मुद्दों तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया। समारोह में दोनों देशों के पत्रकार, सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. बेनर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उन्होंने भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक संबंधों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में पत्रकारिता की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
इस उपलब्धि पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले और बस्तर क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।




