नारायणपुर

बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार के कार्यों में अब नहीं चलेगी ढिलाई, कलेक्टर ने तय की सख्त समय-सीमा

बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार के कार्यों में अब नहीं चलेगी ढिलाई, कलेक्टर ने तय की सख्त समय-सीमा

नारायणपुर। जिले में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए कलेक्टर नम्रता जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों को गति दें।

बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत आवासों का निर्माण तय समय में पूरा कराने तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर विशेष जोर

स्वास्थ्य विभाग और मायका सेंटर की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और स्वास्थ्य अमले को गर्भवती महिलाओं से नियमित संपर्क बनाए रखने तथा उन्हें सुरक्षित संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक गर्भवती महिला का समय पर पंजीयन, नियमित स्वास्थ्य जांच और प्रसव पूर्व सेवाएं सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले के सभी बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा मोतियाबिंद से प्रभावित सभी मरीजों के ऑपरेशन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।

राशन दुकान, सामुदायिक भवन और खेल मैदान जल्द पूरे होंगे

विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने राशन दुकान, सामुदायिक भवन और खेल मैदान सहित सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की प्रगति धीमी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

सुशासन एक्सप्रेस के लंबित आवेदन जल्द निपटाएं

बैठक में सुशासन एक्सप्रेस अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों तक शासन की सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए और विभागीय समन्वय से ग्रामीणों को अधिकतम शासकीय सेवाओं का लाभ मिले।

ई-केवाईसी और किसान योजनाओं पर भी फोकस

कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सभी हितग्राहियों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सामाजिक सहायता पेंशन और एग्री-स्टैक पंजीयन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की।

नियद नेल्लानार क्षेत्र में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार योजना के तहत स्वीकृत सभी विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में अब तक बिजली नहीं पहुंची है, वहां सर्वे कर शीघ्र विद्युत लाइन बिछाने की कार्रवाई की जाए। जिला शिक्षा अधिकारी को पंचायतों के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता देते हुए अतिथि शिक्षक और शिक्षा दूतों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page