4 घंटे बाद खुला बड़गांव का जाम, नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर फिर दौड़े वाहन
कीचड़ में फंसी माइंस ट्रक हटाने के बाद बहाल हुआ यातायात, बस में फंसे यात्रियों ने ली राहत की सांस

नारायणपुर/छोटेडोंगर। लगातार बारिश के बीच बड़गांव नारायणपुर-ओरछा मुख्य मार्ग पर लगा लंबा जाम आखिरकार चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद खुल गया। सड़क के बीच कीचड़ में फंसी माइंस की भारी ट्रक को हटाने के बाद यातायात सामान्य हो सका। मार्ग बहाल होते ही घंटों से फंसे वाहनों की लंबी कतार धीरे-धीरे आगे बढ़ी और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन सीसी सड़क और लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई थी। इसी दौरान एक माइंस की ट्रक बड़गांव के मुख्य मार्ग पर फंस गई, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में नारायणपुर से ओरछा जा रही यात्री बस सहित दर्जनों छोटे-बड़े वाहन फंस गए थे।
करीब चार घंटे तक चले राहत एवं बचाव प्रयासों के बाद ट्रक को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका। बस में सवार यात्रियों, महिलाओं और बच्चों ने जाम खुलने के बाद राहत महसूस की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आमदई से पल्ली तक निर्माणाधीन सीसी सड़क और लगातार बारिश के कारण इस मार्ग पर आए दिन ऐसी स्थिति बन रही है। उन्होंने निर्माण एजेंसी और प्रशासन से बारिश के मौसम में वैकल्पिक व्यवस्था तथा बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में लोगों को घंटों जाम में फंसकर परेशानी न उठानी पड़े।



