भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया का संवेदनशील चेहरा, स्व. उर्मिला पटेल को दी श्रद्धांजलि
घोटुल में किया पौधारोपण, पद्मश्री पंडीराम मंडावी और वैद्यराज हेमचंद मांझी से की आत्मीय मुलाकात

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत औषधीय पौधा लगाया, जनजातीय संस्कृति और परंपरागत ज्ञान के संरक्षण का दिया संदेश
नारायणपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिया के नारायणपुर प्रवास के दौरान संवेदना, पर्यावरण संरक्षण और जनजातीय विरासत के सम्मान की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। उन्होंने जिले की पूर्व कन्या शक्ति संयोजिका स्वर्गीय उर्मिला पटेल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ग्राम महिमा गवाड़ी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं घोटुल में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पद्मश्री विभूतियों से भेंट कर बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर को नमन किया।

महिमा गवाड़ी पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर ग्राम महिमा गवाड़ी पहुंचकर राहुल टिकरिया ने स्वर्गीय उर्मिला पटेल के निवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा संगठन परिवार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और उनकी स्मृति में एक पौधा रोपित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
राहुल टिकरिया ने कहा कि स्वर्गीय उर्मिला पटेल का संगठन के प्रति समर्पण, सेवा भावना और सक्रिय योगदान हमेशा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहेगा। उनका असमय निधन संगठन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
घोटुल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाया औषधीय पौधा
इसके बाद राहुल टिकरिया ग्राम गढ़बेंगाल स्थित ऐतिहासिक घोटुल पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत औषधीय पौधे का रोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान और हरित भविष्य के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।
पद्मश्री विभूतियों को नमन, कहा- बस्तर की पहचान हैं ये व्यक्तित्व
दौरे के दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और पारंपरिक ज्ञान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले पद्मश्री पंडीराम मंडावी के निवास पहुंचकर उनका सम्मान किया तथा आत्मीय भेंट-वार्ता की। इसके साथ ही उन्होंने पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी से भी उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की और जनजातीय चिकित्सा, वनौषधियों के संरक्षण तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
राहुल टिकरिया ने कहा कि पद्मश्री पंडीराम मंडावी और पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी जैसे व्यक्तित्व बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत के जीवंत प्रतीक हैं। उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
बॉक्स : एक नजर
संवेदना, पर्यावरण और संस्कृति से जुड़ा रहा दौरा
- महिमा गवाड़ी में स्व. उर्मिला पटेल को श्रद्धांजलि
- दिवंगत की स्मृति में किया पौधारोपण
- गढ़बेंगाल के ऐतिहासिक घोटुल में लगाया औषधीय पौधा
- ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का दिया संदेश
- पद्मश्री पंडीराम मंडावी और वैद्यराज हेमचंद मांझी से की आत्मीय भेंट
- जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण की सराहना
इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश महामंत्री कुणाल ठाकुर, भाजपा जिला मंत्री जैकी कश्यप, भाजयुमो जिलाध्यक्ष परमानंद नानू नाग, जिला महामंत्री दीपेंद्र भोयर एवं विशु दत्ता, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बघेल, निलेश कौड़ो, सोमनाथ सलाम, विशाल कचलाम, समीर वड्डे, उज्ज्वल सोनी, सन्नी ठाकुर, अमित सेन, हेमंत भोई, सुमित बेसरा, मयंक बेसरा, मनोहर बघेल सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।



