बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मंत्री केदार कश्यप, ढोढरीबेड़ा में बांटी राहत की सौगात
आपदा राहत राशि के चेक, राशन, वस्त्र व घरेलू सामग्री का वितरण, अधिकारियों को दिए राहत-पुनर्वास तेज करने के निर्देश

नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र में लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बीच प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप शनिवार को बाढ़ प्रभावित ग्राम ढोढरीबेड़ा पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान मंत्री ने शासन की ओर से स्वीकृत आपदा राहत सहायता राशि के चेक एवं आवश्यक राहत सामग्री का वितरण भी किया।

लगातार हुई भारी बारिश के कारण अबूझमाड़ के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। इससे अनेक परिवार प्रभावित हुए हैं तथा कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। ऐसे कठिन समय में मंत्री केदार कश्यप ने प्रभावित ग्रामीणों के बीच पहुंचकर हालात का जायजा लिया और राहत कार्यों की समीक्षा की।

मंत्री ने प्रभावित हितग्राहियों को आपदा राहत सहायता राशि के चेक वितरित किए। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को चावल, दाल, खाद्य तेल सहित राशन सामग्री, साड़ी, धोती, बर्तन तथा दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई, ताकि आपदा के बाद परिवारों को तत्काल राहत मिल सके और उनकी आवश्यक जरूरतों की पूर्ति हो सके।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत एवं पुनर्वास कार्य कर रहा है तथा प्रत्येक पात्र परिवार तक शासन की सहायता समय पर पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अभी भी बाढ़ का प्रभाव बना हुआ है, वहां लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जिन परिवारों को मकान, फसल अथवा अन्य प्रकार की क्षति हुई है, उनका सर्वे कर नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि बारिश के दौरान नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। संकट की इस घड़ी में समय पर राहत सहायता एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने पर ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं मंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य लगातार जारी हैं, ताकि सभी जरूरतमंद परिवारों तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, छोटे डोंगर की सरपंच संध्या पवार, जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एम.जी., अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, तहसीलदार एजाज, जनपद सीईओ अमित भाटिया सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




