सुशासन तिहार बना ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम
भाटपाल के संताय पोटाई को मिला नया राशन कार्ड, अब मिल सकेगा योजनाओं का लाभ

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2026 ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजित समाधान शिविरों के जरिए आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ सीधे उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम भाटपाल निवासी संताय पोटाई को नया राशन कार्ड प्रदान किया गया, जिससे उनके परिवार में खुशी का माहौल है।

संताय पोटाई ने बताया कि लंबे समय से राशन कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न का लाभ नहीं मिल पा रहा था। कई बार प्रयास करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया था। सुशासन तिहार के दौरान आयोजित शिविर में उन्होंने अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नया राशन कार्ड बनाकर उन्हें सौंप दिया गया।
राशन कार्ड मिलने के बाद अब संताय पोटाई और उनके परिवार को शासन द्वारा निर्धारित रियायती दर पर चावल, शक्कर सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री नियमित रूप से प्राप्त हो सकेगी।
संताय पोटाई ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार ग्रामीणों के लिए लाभकारी अभियान साबित हो रहा है, जहां गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा सुशासन तिहार के अंतर्गत लगातार समाधान शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है, जिससे आमजन को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से मिल रहा है।




