जयदास नाग का पक्के घर का सपना हुआ पूरा
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिला नया आवास, बरसात में टपकती छत की समस्या से मिलेगी राहत

नारायणपुर। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत नारायणपुर के ग्राम कोलियारी में आयोजित समाधान शिविर एक जरूरतमंद परिवार के लिए खुशियों की सौगात बन गया। शिविर में हितग्राही जयदास नाग को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत नव निर्मित आवास की चाबी सौंपकर उनके पक्के घर के सपने को साकार किया गया।

ग्राम कोलियारी निवासी जयदास नाग लंबे समय से कच्चे मकान में परिवार सहित जीवनयापन कर रहे थे। बरसात के दिनों में घर की छत टपकने से परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीमित संसाधनों के बीच सुरक्षित आवास की चिंता हमेशा बनी रहती थी। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई।
सुशासन तिहार के दौरान आयोजित शिविर में जैसे ही जयदास नाग को नए आवास की चाबी सौंपी गई, उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। उन्होंने शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में रह सकेगा।
शिविर में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना ही सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य है। ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।
ग्रामवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचने से शासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है।




