माड़ बचाओ अभियान में बड़ी कामयाबी
नारायणपुर में संयुक्त सुरक्षा बलों की कार्रवाई में ₹1.01 करोड़ नकद, AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

नारायणपुर में संयुक्त सुरक्षा बलों की कार्रवाई में ₹1.01 करोड़ नकद, AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
(कैलाश सोनी) नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे “माड़ बचाओ अभियान” के तहत नारायणपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, आईटीबीपी एवं बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री, संचार उपकरण तथा ₹1 करोड़ 1 लाख 64 हजार नकद बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई को नक्सल उन्मूलन अभियान में अब तक की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के 31 मार्च 2026 तक प्रदेश को नक्सलमुक्त बनाने के लक्ष्य के अनुरूप जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बीते एक माह से नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी एवं बीएसएफ के संयुक्त दलों ने सुदूर और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन सर्चिंग एवं एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत आसूचना तंत्र के जरिए नक्सलियों के छिपाए गए डम्प का पता लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रकार के हथियारों के साथ भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, बीजीएल सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, वायरलेस सेट, नक्सली वर्दियां और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई, हथियार आपूर्ति और आईईडी निर्माण क्षमता को गंभीर झटका लगा है।
एसपी गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में जिले में अब तक कुल 270 हथियारों की रिकवरी की जा चुकी है। यह आंकड़ा क्षेत्र में बढ़ते जनविश्वास, शांति और विकास की दिशा में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि संयुक्त सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई, सतर्कता और बलिदान के कारण नारायणपुर तेजी से नक्सलमुक्ति की ओर बढ़ रहा है।
पुलिस ने ग्रामीणों और आम जनता से अपील की है कि जंगलों या गांवों में संदिग्ध सामग्री दिखाई देने पर तत्काल पुलिस अथवा केंद्रीय सुरक्षा बलों को सूचना दें, ताकि किसी भी बड़ी घटना को रोका जा सके।

कार्रवाई में यह सामग्री हुई बरामद
- AK-47 रायफल – 3
- एसएलआर रायफल – 3
- .303 रायफल – 2
- .315 रायफल – 1
- 12 बोर बंदूक – 2
- देशी कट्टा – 2
- AK-47 के 113 कारतूस
- एसएलआर के 182 कारतूस
- .303 रायफल के 45 कारतूस
- .315 रायफल के 41 कारतूस
- 12 बोर के 19 कारतूस
- बीजीएल सेल – 132
- इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर – 8
- कॉर्डेक्स वायर – 6 बंडल
- वॉकीटॉकी एवं वायरलेस सेट
- लगभग 5 किलो सोरा एवं 3 किलो सफेद पाउडर
- अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री
चर्चा में
अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ के साथ चर्चा में बताया गया कि संयुक्त सुरक्षा बलों की इस बड़ी कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क की आर्थिक और सैन्य क्षमता पर करारा प्रहार माना जा रहा है। ग्रामीणों के सहयोग से लगातार मिल रही सफलताओं ने सुरक्षा एजेंसियों का मनोबल भी बढ़ाया है।




