Uncategorized
मिजोरम ने साईं को 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
स्वामी विवेकानंद अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, 11 मई को मणिपुर से भिड़ेगी मिजोरम

नारायणपुर। रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर में आयोजित तृतीय स्वामी विवेकानंद अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शुक्रवार को खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मिजोरम ने साईं को एकतरफा मुकाबले में 6-2 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में मिजोरम के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए साईं की टीम पर दबाव बनाए रखा।

मुकाबले के दौरान मिजोरम की टीम ने तेज आक्रमण और बेहतर तालमेल के दम पर लगातार गोल दागे, जबकि साईं की टीम संघर्ष के बावजूद मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी। दर्शकों को पूरे मैच में तेज गति और रोमांचक फुटबॉल देखने को मिली।

प्रतियोगिता के दौरान रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर के सचिव, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर, वनमंडलाधिकारी सहित कई वरिष्ठ नागरिक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति से मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला अब 11 मई 2026 को सुबह 7:30 बजे मणिपुर और मिजोरम के बीच खेला जाएगा। दोनों मजबूत टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
