नारायणपुर
रोमांचक मुकाबले में मणिपुर ने बनाई सेमीफाइनल में जगह
अतिरिक्त समय में कप्तान चैनम आकाश मेतई के गोल से वेस्ट बंगाल को 2-1 से हराया, दर्शकों की उमड़ी भीड़

नारायणपुर। रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर में आयोजित तृतीय स्वामी विवेकानंद अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुवार को खेले गए पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मणिपुर ने वेस्ट बंगाल को रोमांचक संघर्ष में 2-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबला बेहद कांटे का रहा और निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा, जहां मणिपुर टीम के कप्तान एवं जर्सी नंबर-6 खिलाड़ी चैनम आकाश मेतई ने शानदार गोल दागकर टीम को जीत दिलाई।

मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तेज आक्रमण और सधी हुई रक्षापंक्ति का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों को रोमांचक खेल देखने मिला। अतिरिक्त समय में मणिपुर की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए निर्णायक बढ़त बनाई और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता के दौरान रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर के सचिव सहित अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के कार्यकारिणी सदस्य मोहनलाल की विशेष उपस्थिति रही। मुकाबला देखने के लिए नारायणपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे, जिससे मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता का दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला 9 मई को सुबह 7:30 बजे साईं और मणिपुर के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खेलप्रेमियों में उत्सुकता बनी हुई है।




