Uncategorized

डबल इंजन सरकार में बदल रही नारायणपुर की तस्वीर : केदार कश्यप

“भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, राष्ट्रसेवा और जनकल्याण का संकल्प”

बंगाल, आसाम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन, बोले— दूरस्थ इलाकों तक पहुंच रहा विकास…

नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय नारायणपुर में बुधवार को संगठनात्मक ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता, परिवहन एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की।

इस दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीतियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

“जनता का विश्वास भाजपा की सबसे बड़ी ताकत”

मंत्री केदार कश्यप ने बंगाल, आसाम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन और राष्ट्रहित में लिए गए फैसलों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र सरकार की योजनाओं ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व की सराहना

मंत्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश विकास और जनकल्याण की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनका सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के हित में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में पारदर्शिता, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

“दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचा विकास”

मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारायणपुर जिले के दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों में भी अब तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। जिन क्षेत्रों को वर्षों तक विकास से वंचित रखा गया, वहां अब सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की वजह से विकास योजनाओं को गति मिली है और अब शासन की योजनाएं सीधे आम लोगों तक पहुंच रही हैं।

कार्यकर्ताओं से जनहित योजनाएं घर-घर पहुंचाने का आह्वान

मंत्री कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और जनकल्याण का मजबूत संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं और जनता के बीच सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

बड़ी संख्या में पहुंचे पदाधिकारी और कार्यकर्ता

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, भाजपा जिला महामंत्री संदीप कुमार झा एवं पंकज जैन सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page