बालक उमावि का रिजल्ट जारी: मेधावियों ने मारी बाजी, स्कूल में जश्न का माहौल
कक्षा 6वीं से 11वीं तक टॉपर्स घोषित • प्राचार्य बोले—असफलता नहीं, अगली सफलता की तैयारी • शिक्षकों के मार्गदर्शन और छात्रों की मेहनत रंग लाई

नारायणपुर। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सत्र 2025-26 के स्थानीय परीक्षा परिणाम की घोषणा उत्साह और गरिमा के साथ की गई। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया और मेधावी विद्यार्थियों को बधाइयों का तांता लग गया। परीक्षा प्रभारी श्वेता तिवारी ने परिणाम प्रस्तुत करते हुए कक्षावार टॉपर्स की जानकारी दी।
कक्षा 6वीं में अरविन्द ने प्रथम और सरवन मण्डावी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 7वीं में सुन्हेर कुमेटी प्रथम तथा दिपेश शोरी द्वितीय स्थान पर रहे। कक्षा 9वीं ‘अ’ में अर्जुन सिंह मरकाम ने बाजी मारी, जबकि चंद्र सिंह वड्डे द्वितीय रहे। वहीं 9वीं ‘ब’ में सूरज पोटाई प्रथम और समीर दुग्गा द्वितीय स्थान पर रहे।
कक्षा 11वीं में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कला संकाय में मन्नुराम प्रथम एवं मंगलसिंह पोटाई द्वितीय, विज्ञान संकाय में कृष्ण कुमार नाग प्रथम एवं मयंक कुमार ठाकुर द्वितीय, कृषि संकाय में डेविड नेताम प्रथम एवं जीवन द्वितीय तथा वाणिज्य संकाय में ललित कुमार यादव प्रथम एवं अमित कोर्राम द्वितीय स्थान पर रहे।
शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुदीप झा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि हर छात्र में आगे बढ़ने की असीम क्षमता होती है, जरूरत है आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत की। सदस्य अजय प्रसाद रंघाटी ने कविता के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य मनोज बागड़े ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने अपेक्षित परिणाम न पाने वाले विद्यार्थियों से निराश न होकर आत्ममंथन कर नए जोश के साथ आगे बढ़ने की बात कही।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य, शिक्षकगण, पालक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।




