नारायणपुर

टॉपर्स के घर पहुँची कलेक्टर: मिठाई खिलाकर किया सम्मान, सपनों को दी नई उड़ान

10वीं में भाविका, 12वीं में मुस्कान अव्वल • मोक्षिता ने भी लहराया परचम • कलेक्टर-सीईओ ने घर जाकर बढ़ाया हौसला

नारायणपुर। जिले के मेधावी विद्यार्थियों के हौसलों को नई उड़ान देने के लिए कलेक्टर नम्रता जैन और जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो खुद उनके घर पहुँचीं। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर्स को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं। प्रशासन के इस कदम से विद्यार्थियों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कक्षा 10वीं में विश्व दीप्ति हाई स्कूल की छात्रा भाविका देवांगन ने 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। कलेक्टर ने भाविका की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उसे पुस्तक भेंट की। भाविका ने प्रोफेसर बनने का लक्ष्य बताया, जिस पर कलेक्टर ने निरंतर मेहनत जारी रखने की प्रेरणा दी।

वहीं कक्षा 12वीं में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर की छात्रा मुस्कान पटेल ने 92.60 प्रतिशत अंक के साथ जिले में टॉप किया। कलेक्टर ने मुस्कान को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और आगे की पढ़ाई को लेकर चर्चा की। मुस्कान ने डॉक्टर बनकर समाज सेवा करने का सपना साझा किया, जिस पर अधिकारियों ने उसके संकल्प की सराहना की।

कक्षा 12वीं में ही शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल, सिंगोड़ीतरई की छात्रा मोक्षिता कश्यप ने 88.60 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उन्हें भी मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। मोक्षिता ने चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का लक्ष्य रखा है, जिस पर कलेक्टर ने मेहनत और लगन बनाए रखने की सलाह दी।

कलेक्टर नम्रता जैन और सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि जिले के विद्यार्थी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया, साथ ही अभिभावकों की भूमिका की भी सराहना की।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page