नारायणपुर

आज नारायणपुर में लगेगा निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर, अबूझमाड़ तक पहुंचेगी विशेषज्ञ सेवाएं

बालक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में होगा आयोजन, कलेक्टर ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

(कैलाश सोनी) नारायणपुर, 19 अप्रैल। नारायणपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने और सुदूर अबूझमाड़ क्षेत्र तक बेहतर इलाज पहुंचाने की दिशा में आज 19 अप्रैल को बालक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार किया जाएगा।

जिला कलेक्टर नम्रता जैन ने शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पंजीयन काउंटर, पेयजल, भोजन, छाया, कूलर एवं वालंटियर व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि शिविर में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन द्वारा दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में पहले से स्वास्थ्य जांच अभियान चलाकर अधिक से अधिक मरीजों को शिविर से जोड़ने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों के जरूरतमंद लोग भी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर के अनुसार शिविर में हड्डी रोग, मेडिसिन, जनरल सर्जरी, ईएनटी, चर्म रोग, स्त्री एवं शिशु रोग, नेत्र, हृदय एवं कैंसर सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा ब्लड डोनेशन कैंप, आयुष परामर्श और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच जिले के अंतिम छोर तक सुनिश्चित हो और हर जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page