नारायणपुर में विकास की रफ्तार तेज: प्रतीक्षालय का उद्घाटन, सीसी सड़क-नाली निर्माण का भूमिपूजन
आश्रम वार्ड में जनसुविधाओं का विस्तार, नागरिकों को मिलेंगी बेहतर मूलभूत सुविधाएं

नारायणपुर। नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देते हुए आश्रम वार्ड क्रमांक 11 के चंदेनीभाटा क्षेत्र में नवनिर्मित यात्री प्रतीक्षालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। साथ ही सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल के करकमलों से वार्डवासियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इसी कड़ी में कुसुमतराई क्षेत्र में वेद साहु के घर से गैस गोदाम तक सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। इस निर्माण से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं नाली निर्माण से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होकर स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं। नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
वार्ड पार्षद रमशीला नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में नगर में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि सड़क, नाली और जनसुविधाओं के निर्माण को प्राथमिकता देते हुए वार्डवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल रही है।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामचंद्र यादव, उप अभियंता बसंत कुंजाम सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




