नारायणपुर

नारायणपुर नगर पालिका में प्रशासनिक फेरबदल, रामचंद्र यादव को मिला प्रभारी सीएमओ का दायित्व

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राज्य के विभिन्न नगर निकायों में प्रशासनिक दृष्टि से अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। जारी आदेश के अनुसार कई नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों में पदस्थ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल में नारायणपुर नगर पालिका से जुड़े पदस्थापन को विशेष महत्व दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार नगर पंचायत खोंगापानी में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ श्री रामचंद्र यादव को नगर पालिका परिषद नारायणपुर में प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) का दायित्व सौंपा गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं नगर पालिका परिषद नारायणपुर में प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रूप में पदस्थ श्री आशीष कुमार कोर्राम को उनके मूल पद सहायक राजस्व निरीक्षक, नगर निगम जगदलपुर में वापस भेजा गया है। इस आदेश के बाद नारायणपुर नगर पालिका में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।

राज्य शासन द्वारा जारी इस आदेश में अन्य कई नगर निकायों में भी अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। इनमें रामाकांत साहू को सिमगा से जामुल, सीमा बक्सी को जामुल से दल्ली राजहरा, यमन देवांगन को छुरा से पंडरिया तथा अन्य अधिकारियों को अलग-अलग नगर निकायों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

नगरीय प्रशासन विभाग के इस निर्णय को स्थानीय निकायों के प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुचारु बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नारायणपुर नगर पालिका में नए प्रभारी सीएमओ की पदस्थापना के बाद शहर के विकास और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page